टोहाना-भट्टू में एफसीआई मजदूर विकास यूनियन के बैनर तले कर्मचारियों ने टोहाना स्थित कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला लगाकर प्रदर्शन किया। इसके अलावा भट्टू में भी मजदूरों ने एफसीआई कार्यालय के गेट पर प्रदर्शन किया। मजदूरों के अनुसार बुधवार से छह दिवसीय धरना प्रदर्शन की शुरुआत की गई है। यदि सरकार ने उनकी मांग को नहीं सुना तो दस दिसंबर को दिल्ली कूच किया जाएगा ताकि सरकार के समक्ष बड़ा आंदोलन कर सकें। इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। धरने के दौरान प्रधान रामबिलास, रणबीर सिंह, वीरेंद्र ने बताया कि मजदूर पिछले 13 सालों से अपनी मांगों को लेकर केंद्र सरकार से गुहार लगा रहे हैं कि उन्हें नियमित काम दिया जाए। इस समय नो वर्क नो पे के चलते उनकी रोजी रोटी चल पाना मुश्किल हो रहा है। कई बार दो-दो महीने तक काम न होने से उनकी आजीविका मुश्किल हो गई है। ऐसे में वे अपने बच्चों का पालन पोषण कैसे करें। कोषाध्यक्ष रामचंद्र व सचिव मामन ने कहा कि उनकी मांग है कि सिंगल लेबर सिस्टम लागू हो। मासिक गारंटी मजदूरी निर्धारित की जाए। उन्हें स्वास्थ्य, शिक्षा व रिहायशी सुविधा मुफ्त प्रदान हो ताकि उनके बच्चे पढ़ सकें। उन्होंने कहा कि इस तरह से उनकी 15 मांगे हैं, जिसको लेकर यूनियन के आह्वान पर वे 9 दिसंबर तक प्रतिदिन सुबह दो घंटे धरना-प्रदर्शन पर रहेंगे। अपनी मांगों को लेकर 10 दिसंबर को दिल्ली में अधिकार रैली में भाग लेंगे। फिर भी सरकार ने उनकी आवाज नहीं सुनी तो वे 10 दिसंबर को सायं 4 बजे बाद दिल्ली में ही एफसीआई मुख्यालय पर आमरण अनशन शुरू कर देंगे। इस समय वे भारी आर्थिक तंगी से होकर गुजर रहे हैं, लेकिन सरकार उनका दु:ख नहीं समझ रही है। वे सरकार से अपनी आजीविका का स्थायी समाधान करने को लेकर मासिक गारंटी मजदूरी निर्धारित करने का आह्वान कर रहे हैं। इस मौके पर गंगाधर राम, अशोक, सतबीर, सुबोध साह, बनवारी सिंह, अजीत, प्रभु, महेंद्र, रंजीत राय, सीताराम सहित कई सदस्य मौजूद रहे।