राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय इन्दाछोई में चल रहे सात दिवसीय भारतीय भाषा उत्सव शिविर का समापन किया गया। समापन पर बच्चों को जीवन में कुछ कर गुजरने के लिए दृढ़ प्रतिज्ञ होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी गई। मौलिक मुख्याध्यापक योगेश शर्मा ने कहा कि आपमें से हर बच्चा अपने आप में कोई विशेष योग्यता रखता है। अपनी उस योग्यता को उच्चतम स्तर तक ले जाने के लिए जी तोड़ मेहनत करना हर विद्यार्थी का कर्तव्य है। इन शिविरों का आयोजन ऐसी योग्यताओं को बाहर लाकर प्रतिभाओं को निखारने के लिए किया जाता है। बच्चों ने अपना सात दिनों का अनुभव सांझा किया तथा मिमिक्री आधारित प्रस्तुतिया भी दी। प्राध्यापक प्रताप सिंह ने बताया कि शिविर में भारतीय भाषाओं के प्रचलित शब्दों का ज्ञान, हिंदी-अंग्रेजी भाषाओं में भावाभिव्यक्ति स्थानीय खान-पान और देसी मसालों का ज्ञान, संगीत, नृत्य, पेंटिंग, इतिहास और भूगोल संबंधी जानकारी, किसी शहर का वर्चुअल भ्रमण का आयोजन दिवसानुसार करवाए गए। अलग-अलग अध्यापकों ने अपने विषय अनुसार बच्चों को जानकारी दी। प्रधानाचार्य रामकुमार डावर के निर्देशानुसार शिविर का समापन विद्यार्थियों को खीर खिलाकर किया गया। इस अवसर पर लीलूराम, रोहतास, सुंदर देवी, कृष्णा देवी, कर्म सिंह आदि उपस्थित रहे।