गेहूं खरीद पोर्टल में आई तकनीकी खराबी के कारण बुधवार को अनाज मंडी के बाहर किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सर्वर डाउन होने की वजह से गेट पास कटना बंद हो गए, जिससे मंडी के प्रवेश द्वार पर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक बलवान सिंह अनाज मंडी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। विधायक की कड़ी चेतावनी विधायक बलवान सिंह ने मौके पर ही मार्केट कमेटी के सचिव अमित महिला को तलब किया। विधायक ने स्पष्ट किया कि पोर्टल की तकनीकी खामी का खामियाजा किसान नहीं भुगतेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जब तक पोर्टल सुचारू नहीं होता, तब तक मैन्युअल गेट पास काटकर किसानों को मंडी के अंदर प्रवेश दिया जाए। साथ ही, उन्होंने सचिव को हिदायत दी कि जैसे ही पोर्टल काम करना शुरू करे, इस मैन्युअल डेटा को तुरंत ऑनलाइन अपडेट किया जाए। घंटों इंतजार से किसान परेशान मंडी के बाहर खड़े किसानों ने बताया कि वे पिछले कई घंटों से अपनी फसल लेकर तपती धूप में खड़े हैं। पोर्टल न चलने के कारण उन्हें गेट पास जारी नहीं किए जा रहे थे, जिससे उनका समय और साधन दोनों बर्बाद हो रहे थे। विधायक के हस्तक्षेप के बाद मैन्युअल प्रक्रिया शुरू होने से किसानों ने राहत की सांस ली है। विधायक ने आश्वासन दिया कि सीजन के दौरान किसानों को किसी भी सूरत में परेशान नहीं होने दिया जाएगा।