टोहाना। रोटरी इंटरनेशनल क्लब व बाबा विश्वकर्मा मंदिर कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में भुना रोड स्थित बाबा विश्वकर्मा मंदिर प्रांगण में संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। कथा प्रतिदिन चलेगी। कथा से पहले प्रातः 9:15 बजे राधा कृष्ण मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इसके बाद वृंदावन मथुरा से पधारे कथा वाचक गोपाल महाराज ने भागवत कथा का रसपान कराया। कथा प्रतिदिन दोपहर 3:15 बजे से सायं 6:15 बजे तक होगी। संगीत की प्रस्तुति मुकेश ललोदा म्यूजिकल ग्रुप दे रहा है। कथा के दौरान भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। आयोजकों ने बताया कि मंदिर में 30 जुलाई से पूरे श्रावण मास तक दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक श्रद्धालुओं के लिए लंगर की व्यवस्था की गई है। रोटरी इंटरनेशनल क्लब के प्रधान गोविंद गर्ग और बाबा विश्वकर्मा मंदिर के प्रधान गुरदयाल विश्वकर्मा ने कहा कि राजा परीक्षित को श्रृंगी ऋषि के श्राप के बाद भागवत कथा से ही मुक्ति मिली थी। इसी प्रेरणा से इस आयोजन का उद्देश्य लोगों को धर्म से जोड़ना है। उन्होंने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करने का आग्रह किया।