फतेहाबाद। टोहाना के शहर थाना से संबंधित नशे के एक केस को रफा-दफा करने की एवज में पांच लाख रुपये की डील हुई। एसएचओ का नाम लेकर साढ़े चार लाख रुपये ले लिए गए। एसीबी के पास शिकायत पहुंची तो करनाल से पहुंची टीम ने शुक्रवार को सूरेवाला चौक से बिचौलिए क्रिरतपाल को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। एसीबी ने टोहाना शहर थाना प्रभारी कुलदीप सिंह को भी पूछताछ में शामिल किया। दोनों को टीम शुक्रवार देर रात को फतेहाबार के एसीबी कार्यालय में लेकर पहुंची, यहां पर देर रात करीब एक बजे तक थाना प्रभारी कुलदीप को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। हालांकि एसीबी करनाल के अधिकारियों ने एसएचओ कुलदीप को क्लीन चिट नहीं दी है। एसीबी करनाल के इंचार्ज अरविंद कुमार का कहना है कि मामले में फिलहाल अभी जांच जारी है।