जिला न्यायिक परिसर में चौथे दिन भी वकीलों का वर्क सस्पेंड जारी है। कोर्ट में कामकाज ठप है। रतिया और टोहाना में भी वर्क सस्पेंड किया गया है। डीएसपी के रीडर से पार्किंग में कार खड़ी करने को लेकर पनपे विवाद के चलते वकील सोमवार से पार्किंग गेट पर धरने पर बैठे है। वहीं पुलिस विभाग अपने स्तर पर मामले में सुलझाने में जुटा हुआ है लेकिन सुलझ नहीं पा रहा है। बता दें कि, सोमवार को कोर्ट कॉम्पलेक्स की पार्किंग में कार खड़ी करने को लेकर डीएसपी जगदीश काजला के रीडर मुकेश कुमार का पहले सिक्योरिटी गार्ड और फिर बार एसोसिएशन के पूर्व जिलाध्यक्ष नरेश सोनी के साथ विवाद हो गया था। इससे नाराज वकीलों ने वर्क सस्पेंड करके पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया और धरना लगा दिया गया।