हरियाणा के फतेहाबाद के जाखल क्षेत्र में मुआवजे की मांग के लिए कई किसान सात फरवरी से उप तहसील कार्यालय जाखल में बेमियादी धरना दे रहे हैं। इसके बावजूद सुनवाई न होने से नाराज किसानों ने सोमवार को कर्मचारियों को बाहर निकालकर ताला जड़ दिया। इस कारण कार्यालय के कर्मचारियों को बाहर बैठ कर काम करना पड़ा। एसडीएम टोहाना एवं जिला राजस्व अधिकारी और किसानों के बीच लंबी वार्ता चली लेकिन किसानों अपनी मांग पर अड़े रहे। इस मौके पर जिला राजस्व अधिकारी राजकुमार भदोरिया, टोहाना डीएसपी शमशेर सिंह, नायब तहसीलदार परमजीत सिंह, थाना प्रभारी कुलदीप सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। धरने पर बैठे किसान संगठन पगड़ी संभाल जट्टा के राज्य कनवीनर मनदीप सिंह नथवान, ब्लॉक प्रधान लाभ सिंह, उप प्रधान जग्गी व टोहाना ब्लॉक प्रधान मंजीत सिंह पुरन माजरा महल ने बताया कि जुलाई 2023 में आई बाढ़ से जाखल खंड के कई किसान प्रभावित हुए थे।