शहर के दमकोरा रोड स्थित लिटिल एंजल स्कूल के छात्र कमल नायक का हरियाणा की क्रिकेट टीम में चयन होने पर स्कूल में कार्यक्रम किया गया जिसमें मुख्य रूप से समाजसेवी डॉ शिव सचदेवा ने शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल प्रिंसिपल ममता ठाकुर व डायरेक्टर कर्मवीर ठाकुर ने की। इस दौरान कमल नायक व उनके पिता राजेंद्र नायक को स्कूल समिति द्वारा सम्मानित किया गया। डॉ शिव सचदेवा ने कहा कि भाटिया नगर के रहने वाले कमल का हरियाणा की क्रिकेट टीम में चयन हुआ है, जो टोहाना के लिए खुशी की बात है अब यह तेलंगाना में होने वाली राष्ट्र स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में भाग लेकर हरियाणा का प्रतिनिधित्व करेगा। कमल ने बताया कि वह पिछले 6 साल से क्रिकेट की तैयारी कर रहा है और 26 अप्रैल से तेलंगाना में यह क्रिकेट प्रतियोगिता शुरू होगी। उसने बताया कि आगे चलकर वह भारत की क्रिकेट टीम के लिए खेलना चाहता है जो उसका लक्ष्य है। स्कूल प्रिंसिपल ममता ठाकुर ने बताया कि कमल ने अपनी काबिलियत के बल पर स्कूल को भी अच्छे मुकाम तक पहुंचाया है, वह शुरू से ही क्रिकेट में ऑलराउंडर के तौर पर भाग लेता है जिसके चलते उसकी प्रतिभा की जितनी सराहना की जाए उतनी कम है।