फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

VIDEO : फतेहाबाद के टोहाना में किसान संगठनों ने जन समस्याओं को लेकर सीएम के नाम भेजा ज्ञापन

जन समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर अखिल भारतीय किसान सभा और भारतीय किसान यूनियन ने सोमवार को एसडीएम टोहाना के माध्यम से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नाम ज्ञापन सौंपा। किसान संगठनों की ओर से चार प्रमुख मांगों को लेकर सरकार से शीघ्र समाधान की गुहार लगाई गई है। किसानों ने अपना ज्ञापन नायब तहसीलदार रोहित कौशिक को सौंपा। इस अवसर पर किसान नेता जगतार सिंह ने कहा कि राज्य सरकार ने हाल ही में बिजली की दरों में अनावश्यक वृद्धि की है, जिससे किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है। उन्होंने मांग की कि बिजली के बढ़े हुए रेट तुरंत वापस लिए जाएं और बिलों में लगाए गए विभिन्न प्रकार के अतिरिक्त चार्जेस को रद्द किया जाए। इसके साथ ही किसानों ने वर्षों से लंबित ट्यूबवेल कनेक्शन की समस्या को भी उठाया। जगतार सिंह ने बताया कि हजारों किसान ऐसे हैं जिन्होंने चार साल पहले सिक्योरिटी राशि जमा करवाई थी, लेकिन उन्हें अब तक कनेक्शन नहीं दिए गए हैं। किसानों ने मांग की कि इन किसानों की सूची एसडीओ कार्यालय के बाहर लगाई जाए और उन्हें जल्द से जल्द कनेक्शन दिए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में लापरवाही बरती गई तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि गांव धारसूल में बने 132 केवी बिजली घर में एसडीओ की पोस्ट सृजित कर तैनाती की जाए, जिससे बिजली वितरण प्रणाली को बेहतर किया जा सके। इसके अलावा, किसानों ने मांग की कि बिजली घर मेयोंद कला को भी तुरंत प्रभाव से चालू किया जाए ताकि क्षेत्र में बिजली ओवरलोड की समस्या का समाधान हो सके। किसान संगठनों ने चेताया कि अगर इन मांगों को समय पर नहीं सुना गया, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे। ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में किसान और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें