शहर के चंडीगढ़ रोड स्थित वार्ड नंबर 3 गुप्ता कॉलोनी सहित कई कालोनी के लोगों को पिछले कई दिनों से पीने के गंदे पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है क्योंकि मुख्य रोड पर सीवरेज का गंदा पानी सप्लाई में मिक्स होकर आ रहा है जिसको लेकर लगातार विभाग के अधिकारियों को अवगत करवा चुके हैं लेकिन कोई हल नहीं हो पाया है। वार्ड के रहने वाले दिनेश कुमार, बबलू शर्मा कृष्ण, मुकेश, लखमी राम, सुरेंद्र चावला, परमवीर ने कहा कि इस समस्या को लेकर जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीओ से कई बार बात की है, वे लोग ठीक करने के लिए आ जाते हैं लेकिन समस्या का स्थाई समाधान नहीं हो पाया है जिससे लोगों को पीने का गंदा पानी मिल रहा है और उससे, उल्टी, डायरिया और बुखार के ज्यादा मरीज सामने आ रहे हैं लेकिन प्रशासन द्वारा कोई एक्शन नहीं लिया गया। इस बारे में भाजपा के जिला प्रवक्ता अनूप भारद्वाज ने कहा कि पिछले कई दिनों से लोग पीने के गंदे पानी की समस्या को लेकर आए थे कि बुखार, खासी जुकाम, डायरिया के मरीज आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि एसडीओ ने समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया है यदि हल नहीं हुआ तो पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और मुख्यमंत्री नायब सैनी के संज्ञान में लाया जाएगा। इस बारे में एसडीओ दलविंदर ने कहा कि इस समस्या के हल को लेकर टीम कार्य कर रही है, आज समस्या का स्थाई समाधान कर दिया जाएगा।