नगर परिषद की सुस्ती के चलते अनेक मुख्य रास्तों पर अवैध फ्लेक्स लगाए गए है जो किसी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। शहर के नेशनल हाईवे 148 बी पर भी लैंडमार्क ग्रैंडसिटी नामक कालोनी संचालकों द्वारा बोर्ड लगा दिए गए हैं, जो किसी भी वक्त बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं, क्योंकि इन फ्लेक्स के कारण कभी भी किसी वाहन चालक का ध्यान भंग हो सकता है। वहीं, शहर के हिसार रोड को रतिया रोड से जोड़ने वाले रोड के दोनों तरफ सैकड़ो फ्लेक्स लगाए गए हैं। इसके अलावा शहर के विभिन्न रास्तों पर रेस्टोरेंट संचालकों द्वारा व एजुकेशन सेंटर संचालकों द्वारा फ्लेक्स लगाकर शहर की सुंदरता को धूमिल किया जा रहा है। नगर परिषद टोहाना सब कुछ देखते हुए भी अनजान बने बैठा है जिससे ऐसे लोगों के हौसले बढ़ रहे हैं और शहर में लगातार पोस्टर वार चला हुआ है। नगर परिषद अधिकारियों की चुप्पी के कारण ये लोग लगातार शहर में अवैध रूप से फ्लेक्स लगा रहे है।