पुलिस लाइन में पुलिस कर्मियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए नि:शुल्क मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में 325 से अधिक पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लेकर अपने स्वास्थ्य की जांच करवाई और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया। जांच के दौरान सामने आया कि करीब 70 प्रतिशत पुलिस कर्मियों में ब्लड प्रेशर और शुगर की समस्या पाई गई। शिविर का शुभारंभ सहायक पुलिस अधीक्षक दिव्यांशी सिंगला ने किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस कर्मचारियों और चिकित्सकों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली और इस तरह के शिविरों को पुलिस बल के लिए बेहद उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों की ड्यूटी अक्सर तनावपूर्ण और अनियमित समय में होती है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं होने की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में नियमित स्वास्थ्य जांच बेहद जरूरी है। स्वास्थ्य शिविर में गुरुग्राम स्थित मेदांता-द मेडिसिटी के कार्डियोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. एस.के. तनेजा और रेस्पिरेटरी विशेषज्ञ डॉ. प्रियांशु ने अपनी सेवाएं दीं। इसके अलावा सद्भावना मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल, फतेहाबाद के डॉ. मनोज चालिया और डॉ. शुभम महतानी ने भी पुलिस कर्मियों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी। शिविर के दौरान पुलिस कर्मियों की छाती का एक्स-रे, ईसीजी, पीएफटी (फेफड़ों की कार्यक्षमता जांच), बीएमडी टेस्ट (हड्डियों की घनत्व जांच) और ब्लड प्रेशर सहित कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण नि:शुल्क किए गए। जांच के बाद प्रत्येक कर्मचारी को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार परामर्श दिया गया और आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध करवाई गईं। कार्यक्रम के अंत में सहायक पुलिस अधीक्षक दिव्यांशी सिंगला ने शिविर में सेवाएं देने वाले डॉक्टरों की टीम को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया और उनके सहयोग के लिए आभार जताया। -