टोहाना के चंडीगढ़ रोड स्थित ऑटो मार्केट में शनिवार सुबह एक प्रॉपर्टी डीलर की दुकान में अचानक आग लग गई, जिससे दुकान में रखा हजारों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड 19 निवासी अजय जैन का ऑटो मार्केट में प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्यालय है। शनिवार सुबह करीब 8 बजे उनकी दुकान में अचानक आग भड़क उठी। आसपास के दुकानदारों ने आग बुझाने का प्रयास किया और तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। इस अग्निकांड में दुकान में रखा सोफा, बेड, काउंटर, सीलिंग फैन, फ्रिज और एलईडी समेत कई कीमती सामान जलकर राख हो गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। दमकल विभाग आग के कारणों की जांच कर रहा है।