शहर के हिसार रोड स्थित एक किरयाणा स्टोर पर काम करने वाले युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। मृतक की पहचान शहर के युवक राजेश कुमार उर्फ राजू के रूप में हुई है, जो कि काफी समय से स्टोर पर लगा हुआ था। युवक की मौत की सूचना पर बहन और मां अस्पताल में पहुंचे और हंगामा किया। बहन ने आरोप लगाया कि स्टोर संचालक मौके पर नहीं आए है। हालांकि बाद में पहुंच गए थे। नागरिक अस्पताल में मृतक की बहन रजनी ने बताया कि उसके पिता का निधन हो चुका है। उसकी मां उसके साथ रह रही है, जबकि उसका भाई राजेश उर्फ राजू (27) हिसार रोड स्थित एक स्टोर पर काम करता था। वह स्टोर मालिक के साथ ही रहता था। स्टोर पर काम करने वाले साथी से परिजनों को वीरवार सुबह सूचना मिली कि मौत हो चुकी है। उन्हें नहीं पता कि किन कारणों से मौत हुई है। परिजनों का कहना है कि राजेश की मौत संदिग्ध है, इसलिए गंभीरता से जांच होनी चाहिए।