नगर परिषद प्रशासन की तरफ से मंगलवार को सन्यास आश्रम रोड अतिक्रमण हटाने को लेकर अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत नगर परिषद टीम थाना रोड से सन्यास आश्रम मोड पर स्थित दुकानों के आगे लगे शेड उतारने के लिए पहुंची। कार्रवाई के दौरान डयूटी मजिस्टेट एसडीओ गजेंद्र सिंह और पुलिस टीम मौजूद रही। जेसीबी लेकर पहुंचे अधिकारियों ने शेड उतारने शुरू किए तो कुछ दुकानदारों ने हंगामा कर दिया। दुकानदारों ने कहा कि बिना नोटिस ये कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा कुछ दुकानदारों ने खुद ही शेड उतारने शुरू कर दिए। करीब 10 दुकानदारों ने खुद ही शेड उतार दिए। लेकिन टीम जब खुद जेसीबी से शेड उतारने लगी तो दुकानदारों ने हंगामा शुरू कर दिया। दुकानदारों ने कहा कि उन्हें कोई नोटिस नहीं दिया गया है, अगर दिया है तो दिखाया जाए। लेकिन मौके पर मौजूद अधिकारी संबंधित दुकानदार को जवाब नहीं दे पाए। हंगामा बढ़ता देख टीम मौके से वापस लौट आई। कार्रवाई के दौरान सचिव गोविंद, बिल्डिंग इंस्पेक्टर विकास बजाज, सीएसआई सतपाल सैनी, एसआई राहुल समेत सफाई दरोगा मौजूद थे।