टोहाना। बिजली विभाग के निजीकरण के विरोध में संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर गुरुवार से सब-डिवीजन स्तर पर तीन दिवसीय प्रदर्शन का आगाज हो गया। पहले दिन उपमंडल कार्यालय टोहाना में कर्मचारियों ने जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन की अध्यक्षता एचएसईबी वर्कर यूनियन के सब-यूनिट प्रधान सूरजमल नैन ने की। मंच संचालन ए एचपीसी वर्कर यूनियन के सचिव भूपेंद्र ने किया। नेताओं ने कहा कि सरकार की निजीकरण नीति, अलग कृषि वितरण निगम बनाने, स्मार्ट मीटरिंग, प्राइवेट फ्रेंचाइजी व्यवस्था और कर्मचारियों की लंबित मांगों के खिलाफ यह आंदोलन है। वर्कर यूनियन के यूनिट सचिव सुरेश कुमार, रामनिवास और एस सी बीसी वर्कर यूनियन के राजकुमार ने कहा कि सरकार की नीतियां बिजली कर्मचारियों, किसानों और आम उपभोक्ताओं के हितों के खिलाफ हैं। उन्होंने एकजुट होकर आंदोलन तेज करने का आह्वान किया। प्रदर्शन में बंसी, शमशेर सिंह, सुनील समेत बड़ी संख्या में महिला कर्मचारियों ने भी भाग लिया। किसान नेता जगतार सिंह ने भी समर्थन दिया और कहा कि किसान संगठन हरसंभव मदद करेंगे। कर्मचारियों ने 10 अगस्त को फतेहाबाद में किसान संगठनों के प्रदर्शन में शामिल होने का संकल्प लिया। नेताओं ने कहा यह लड़ाई केवल कर्मचारियों की नहीं, बल्कि बिजली व्यवस्था और उपभोक्ता अधिकारों की रक्षा की लड़ाई है।