बिजली कर्मचारी यूनियन के प्रधान राजकुमार ने कहा कि सांझा मोर्चा के बैनर तले 11, 12 और 13 तारीख को प्रस्तावित 3 दिन की हड़ताल को सरकार ने 2 महीने के लिए स्थगित कर दिया है। मंगलवार को यूनियन पदाधिकारियों के साथ बैठक के बाद राजकुमार ने बताया कि हमारी मुख्य मांगें स्मार्ट मीटर, पैरेलल सिस्टम और एग्रो डिस्कॉम से जुड़ी हैं। उन्होंने कहा कि पहले ही उपभोक्ताओं के बिल समय पर नहीं भरे जा रहे, इसके बावजूद सरकार जबरदस्ती स्मार्ट मीटर लगा रही है। पुराने खंभों के ऊपर ही प्राइवेट पैनल लगाकर सप्लाई दी जा रही है, जिससे कर्मचारियों और उपभोक्ताओं दोनों को दिक्कत हो रही है। तीसरी बड़ी मांग एग्रो डिस्कॉम को लेकर है। अभी किसानों को सिर्फ 8 घंटे ही कृषि आपूर्ति मिल रही है, जबकि सरकार एग्रो डिस्कॉम के नाम पर 5वां दिन मनाने की तैयारी कर रही है। राजकुमार ने बताया कि हड़ताल को किसानों, छात्रों, पंचायतों, सरपंचों, मेंबरों, जिला परिषद सदस्यों के अलावा रोडवेज, पीडब्ल्यूडी और नगरपालिका कर्मचारियों का भी समर्थन मिला था। उन्होंने कहा कि अगर 2 महीने में सरकार ने मांगे नहीं मानी तो सभी 4 संगठन मिलकर पूर्ण हड़ताल करेंगे। यूनियन ने समर्थन देने वाले सभी संगठनों और पंचायतों का आभार जताया।