टोहाना के हिसार रोड स्थित टाउन पार्क में समस्याओं के अंबार लगे हुए है जिसके चलते आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा हैं। पार्क में चौकीदार की व्यवस्था न होने से शरारती लोग पार्क में लगे पौधे तोड़ रहे है जिससे पार्क की सुंदरता खराब हो रही है, वहीं पार्क में लगी स्ट्रीट लाइट खराब होने से रात के समय अंधेरा रहता है जिससे पार्क में रात के समय या सुबह आने वाले लोगों के सैर करना खतरे से खाली नहीं है, कोई भी हादसा हो सकता है। पार्क के बाहर बनाए गए शौचालय सुबह जल्दी न खुलने से भी लोगों में रोष है क्योंकि सूबे सैर करने वाले लोगों को शौच के समय दिक्कत का सामना करना पड़ता है। पार्क में आए रमेश कुमार, विजेंद्र, मनीष ने कहा कि नगर परिषद की लापरवाही के चलते शहीद के नाम पर बना पार्क बदहाली का शिकार होता जा रहा जिसके चलते यहां जो समाजसेवी लोगों द्वारा पेड़ पौधे लगाए गए थे शरारती लोग उसे तोड़ देते है, यहां की स्ट्रीट लाइट खराब होने से अंधेरा हो जाता है। सुबह के समय शौचालय बंद मिलते है, एक नियमित चौकीदार की व्यस्था को लेकर पहले भी मांग की जा चुकी है लेकिन प्रशासन कोई ध्यान नहीं दे रहा है।