अनाज मंडी रतिया के व्यापार मंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक वीरवार को शिव मंदिर प्रांगण में संपन्न हुई। निवर्तमान अध्यक्ष रूप गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में मंडी के व्यापारियों ने सर्वसम्मति से दर्शन गर्ग (संचालक, दुकान नंबर 211) को व्यापार मंडल का नया अध्यक्ष चुना है। सर्वसम्मति से हुआ निर्णय बैठक की शुरुआत में अध्यक्ष पद के लिए पाँच व्यापारियों ने अपनी दावेदारी पेश की थी। हालांकि, गुटबाजी से बचते हुए सभी व्यापारियों ने एक स्वर में निर्णय लिया कि प्रधान का चयन सर्वसम्मति से ही किया जाएगा। काफी विचार-विमर्श के बाद, दावेदारों के अलावा दर्शन गर्ग के नाम का प्रस्ताव रखा गया, जिस पर सभी ने अपनी सहमति की मुहर लगा दी। इनकी रही मौजूदगी इस चुनावी प्रक्रिया के दौरान मंडी के कई गणमान्य व्यापारी उपस्थित रहे, जिनमें मुख्य रूप से शामिल थे सुरेश झांब, उमाकांत सिंगला, सुभाष, राय सिंह,राधेश्याम, कृष्ण तनेजा, संजय मोदी, राकेश कंबोज,हरबंस खन्ना, राजू लाली, शिव सोनी, खेमा मोंगा,सतीश हांडा, परवीन जिंदल, पारस सिंगला व अन्य व्यापारी मौजूद थे नवनियुक्त अध्यक्ष दर्शन गर्ग ने सभी व्यापारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे मंडी की समस्याओं के समाधान और व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।