भट्टू कस्बे में इन दिनों रसोई गैस की किल्लत और वितरण व्यवस्था चरमराने से आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गैस एजेंसी द्वारा होम डिलीवरी पूरी तरह बंद कर दी गई है, जिसके कारण उपभोक्ताओं को खुद सिलेंडर ढोने पर मजबूर होना पड़ रहा है। सोमवार सुबह भट्टू के गैस गोदाम पर भारी भीड़ देखी गई। इसके बाद गैस की डिलीवरी भट्टू के बस स्टैंड के पास से दी गई। सुबह 7:00 बजे से ही लाइनों में लग गए थे ताकि उन्हें समय पर गैस मिल सके। लाइनों में महिलाओं और बुजुर्गों की संख्या काफी अधिक थी, जो घंटों अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसी बार-बार शिकायत के बावजूद घरों तक सिलेंडर नहीं पहुचा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि काम-काज छोड़कर सुबह से लाइन में लगना पड़ता है, जिससे उनकी दिहाड़ी और समय दोनों का नुकसान हो रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गैस की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और होम डिलीवरी सेवा को दोबारा शुरू करवाया जाए ताकि जनता को इस परेशानी से निजात मिल सके।