नगर परिषद की तकनीकी शाखा में अधिकारी न होने से ठप पड़े कामों को लेकर शुक्रवार को पार्षदों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पत्र भेजा है और नियुक्ति की मांग रखी है। वीरवार को पार्षद जिला नगर आयुक्त अनुराग ढालिया से भी मिले थे। पार्षदों ने आउटर कॉलोनियों में लगाए गए दोगुना विकास शुल्क को भी खत्म करने की मांग की है। पार्षदों ने कहा कि पुरानी कॉलोनियों में 120 रुपये गज विकास शुल्क है तो नई में 240 रुपये लगा दिया गया है जबकि वह एरिया स्लम है। सीएम को जो पत्र भेजा गया है उसमें उप प्रधान सविता टुटेजा, पार्षद मोहन लाल नारंग,नीलम आहुजा, सुखदेव सिंह समेत कई पार्षदों के हस्ताक्षर है। बता दें कि पिछले सप्ताह नगर परिषद में कम्प्यूटर ऑपरेटर को एसीबी ने 60 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए पकड़ा था। पूछताछ में कई अधिकारियों के नामों का खुलासा किया गया। इसके बाद से कई अधिकारी व कर्मचारी छुट्टी पर है।