टोहाना। गांव गाजुवाला में पेड़ो की कटाई मामले का विवाद गहराता जा रहा है। शिकायतकर्ता बजिंद्र ने बीडीपीओ कार्यालय पहुंचकर लिखित बयान दिया और आरोप लगाया कि उसे बार-बार समझौता करने के लिए टॉर्चर किया जा रहा है। बजिंद्र ने बताया कि गांव गाजूवाला में अवैध रूप से पेड़ो की कटाई मामले की जांच के लिए जब वह बयान देने पहुंचा तो गांव के कुछ लोगों ने उसके साथ बदतमीजी की और दबाव बनाने की कोशिश की। इससे पहले भी स्कूल में उसके साथ इसी तरह का व्यवहार किया गया था। शिकायतकर्ता ने कहा कि आने-जाने में दिक्कत हो रही है, मेरे साथ कोई हादसा होता है तो इसकी जिम्मेदारी उन्हीं की होगी। मैं समझौता नहीं करूंगा। मेरी मांग है कि जल्द जांच हो और दोषियों को सजा मिले।" *गांव से पहुंचे कई लोग* शिकायत के दौरान गांव से काफी संख्या में लोग और दूसरे गांवों के सरपंच भी पहुंचे थे। शिकायतकर्ता ने कहा कि सभी मिलकर मामले को रुकवाने के लिए दबाव बना रहे हैं। बीडीपीओ बोले- जांच जारी बीडीपीओ टोहाना राहुल ने बताया कि पेड़ कटाई मामले की शिकायत के संदर्भ में दोनों पक्षों को बुलाया गया था। दोनों ने अपने सबूत और बयान दिए हैं। मामले की जांच की जा रही है और रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होते ही रिपोर्ट शिकायतकर्ता और ग्राम पंचायत को दे दी जाएगी। अभी कोई अंतिम समय सीमा तय नहीं की गई है।