ऑपरेशन हॉटस्पॉट डॉमिनेशन के तहत सीआईए टोहाना टीम ने दो आरोपियों को काबू कर 10.89 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस टीम ने मौके पर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई पूरी करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। सीआईए प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि 4 दिसंबर को उपनिरीक्षक सुरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में टीम अपराध की रोकथाम हेतु दमकोरा रोड, लकड़ मार्किट तथा राजनगर–बलियाला रोड क्षेत्र में गश्त पर मौजूद थी। इसी दौरान एक काले पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर घबरा गए और हड़बड़ी में उनकी बाइक बंद हो गई। शक के आधार पर दोनों को काबू कर नाम-पता पूछा गया तो उनकी पहचान ईश्वर सिंह पुत्र मेजर सिंह निवासी मनियाना तथा बिट्टू सिंह पुत्र मलकीत सिंह निवासी मनियाना के रूप में हुई। तलाशी के दौरान ईश्वर सिंह की दाईं जेब से एक पारदर्शी मोमी पाउच में हेरोइन बरामद हुई, जबकि बिट्टू सिंह की पैंट की जेब से दो सिरिंज और एक नीडल मिलीं। बरामद हेरोइन का इलेक्ट्रॉनिक कांटे से वजन किया गया, जो 10.89 ग्राम पाया गया। तस्करी में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।