गांव धीड़-रतिया रोड पर बुधवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल पर सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक ने मानवता का परिचय देते हुए घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके पति का उपचार जारी है। गांव धीड़ निवासी माया देवी पत्नी हरबंस सिंह, अपने पति के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर अयालकी की ओर जा रही थीं। इसी दौरान फतेहाबाद की तरफ से एक कार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि माया देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति हरबंस सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। बताया गया है कि मृतका के तीन बेटे हैं, जो दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में मातम छा गया। वहीं सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।