कुलां गांव के चौक में सोमवार देर रात सड़क हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टोहाना से आ रही ऑल्टो कार बेकाबू होकर चौक से टकरा गई। कार में सवार पांच लोगों में से दो को गंभीर चोटें आई हैं। घायलों को आसपास के लोगों ने संभाला और उन्हें उपचार के लिए टोहाना अस्पताल में पहुंचाया। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। कार में सवार होकर 5 लोग टोहाना के गांव हिम्मतपुरा से कुलां होते हुए अपने गांव दीवाना जा रहे थे। अचानक सामने से आ रहे एक बड़े वाहन की तेज रोशनी के कारण ड्राइवर को कुछ दिखाई नहीं दिया, जिससे कार कुलां में बने चौक से जा टकराई। कार में सवार गुरजिंद्र सिंह (30) और मनदीप सिंह (30) गंभीर रूप से घायल हो गए। गुरजिंदर सिंह की टांग में फ्रैक्चर आया है, जबकि मनदीप सिंह की बाजू में फ्रैक्चर हुआ है। गाड़ी में सवार कुलवीर सिंह और दो अन्य लोगों को हल्की चोटें लगी हैं। परिजनों के अनुसार, गुरजिंद्र और मनदीप सिंह के जीजा कुलवीर सिंह का गांव हिम्मतपुरा में मकान निर्माणाधीन है। वहां काम करवाने के लिए गए हुए थे। कुलवीर सिंह इनको वापस छोड़ने आ रहे थे। कार को गुरजिंदर सिंह चला रहा था।