फतेहाबाद के गुरुनानकपुरा मोहल्ला स्थित मेडिकल स्टोर से 40 सेकेंड में एक चोर 24 हजार 700 रुपए चुरा ले गया। घटना के समय दुकानदार 15 मिनट के लिए बाहर गया था। जब वापस लौटा, तो उसे गल्ले में से पैसे गायब मिले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घटना वीरवार की है और मामले में अब सीसीटीवी फुटेज सामने आई है। गुरुनानकपुरा मोहल्ला के विनोद कुमार ने बताया कि गुरुद्वारा साहिब वाली गली में उसकी रितिक मेडिकल स्टोर के नाम से दुकान है। 4 दिसंबर की शाम को 7 बजे वह दुकान पर बैठा हुआ था और किसी काम से सिर्फ 15 मिनट के लिए दुकान से बाहर निकला था। उसने दुकान में लगे शीशे के गेट को ताला लगा दिया था। जब वह वापस आया, तो देखा कि गेट खुला था और अंदर गल्ला भी खुला पड़ा था। गल्ले से 24 हजार 700 रुपए रखे हुए थे। जब गल्ले को संभाला तो वो गायब थे। जब उसने सीसीटीवी कैमरे में देखा, तो पाया कि उसके जाने के बाद ही एक युवक गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसा और गल्ले से नकदी चुरा कर ले गया। जब बाहर की तरफ लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी तो पाया कि आरोपी युवक शाम को दुकान के बाहर चक्कर लगा रहा था। जैसे ही उसे मौका मिला, उसने चोरी को अंजाम दे दिया।