जिला स्तर पर स्थानीय पंचायत भवन में आयोजित तीन दिवसीय गीता जयंती महोत्सव के दूसरे दिन रविवार को सेमिनार एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रख्यात विद्वानों ने श्रीमद्भगवद्गीता पर आधारित विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखते हुए उपस्थित जनसमूह को गीता के दिव्य ज्ञान से अभिभूत किया। सेमिनार समारोह के मुख्य अतिथि अतिरिक्त उपायुक्त अनुराग ढालिया ने श्रीमद्भगवद्गीता की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर सेमिनार की शुरुआत की। उन्होंने गीता को विश्व मानवता का मार्गदर्शन करने वाला अद्भुत ग्रंथ बताते हुए कहा कि गीता ज्ञान का अथाह भंडार है और श्रीकृष्ण द्वारा कहे गए प्रत्येक शब्द का अनुसरण करना ही जीवन की सच्ची सार्थकता है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को फल की इच्छा छोडक़र निष्काम कर्म करते रहना चाहिए।