उपमंडल के गांव नागला से अपने नेत्रहीन भाई का केयरटेकर बनकर उसको कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट दिलाकर बाइक से वापस लौट रहे दो भाइयों को क्रेटा कार चालक ने टक्कर मार दी जिससे एक की मौत हो गई जबकि दूसरे नेत्रहीन की टांगें टूट गईं। घटना की सूचना पाकर पहुंची सदर पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। जानकारी अनुसार गांव नागला निवासी 27 वर्षीय सुनील का भाई वीरेंद्र नेत्रहीन है। सुनील अपने भाई के साथ सीईटी की परीक्षा दिलाने के लिए सिरसा बाइक पर गया था। सुबह की शिफ्ट में पेपर देने के बाद जब वे वापस लौट रहे थे तो उक्त गाड़ी ने पिरथला रोड से नागला पर बाइक को मोड़ने से पहले टक्कर मार दी जिससे दोनों सड़क पर गिर गए। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में ले जाया गया। सुनील को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे घायल नेत्रहीन को हायर सेंटर रेफर कर दिया है। घटना की सूचना पाकर पहुंची सदर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है।