इन दिनों शीतलहर लोगों पर कहर बनकर टूट रही है। जिसके चलते जिला नागरिक अस्पताल में खांसी व जुकाम के मरीजों की संख्या 500 से अधिक तक पहुंची हुई है। लेकिन अस्पताल में पिछले चार महीने से कफ सीरप का स्टॉक खत्म होने से मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं खांसी की दवा बाहर स्थित दुकानों से खरीदने के कारण उनकी जेब पर अतिरिक्त भार पड़ रहा है। उपचार के लिए मरीजों ने अस्पताल प्रशासन से कफ सीरप मंगवाने की मांग की है, ताकि अस्पताल आए मरीजों को दवा खरीद कर नहीं लाने पड़े। नागरिक अस्पताल में इन दिनों खांसी व जुकाम के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही हैं। नागरिक अस्पताल में इन दिनों जनरल फिजिशियन कक्ष के सामने खांसी व जुकाम के मरीजों की भारी भीड़ लगी रहती है। चिकित्सकों का कहना है कि फिलहाल प्रतिदिन 500 से अधिक मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे है। मरीजों को बीमारी अनुसार ही दवाएं लिखी जाती हैं।