चरखी दादरी शहर के लोहारू रोड ओवरब्रिज के सर्विस लेन की हालत जल्द बदली नजर आएगी। इसके लिए एनएचएआई की ओर से सड़क का पुनर्निर्माण कराया जा रहा है। यह काम तेजी से जल्द रहा है और जल्द पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद करीब पांच हजार वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा होगी। बता दें कि लोहारू रोड ओवरब्रिज सर्विस लेन पिछले आठ माह से कंडम था। बीच में इसकी मरम्मत की गई, लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद तो सड़क की हालत जर्जर होती चली गई। कई दिनों तक सड़क जस की तस रही और अब जाकर एनएचएआई अधिकारियों ने इसकी सुध ली और धरातल पर पुनर्निर्माण कार्य शुरू कराया। राहत की बात यह है कि काम तेजी से चल रहा है। फिलहाल एक साइड का रोड निर्माण होने के बाद दूसरे तरफ का कार्य शुरू कर दिया है। दोनों तरफ के कंडम रोड का निर्माण होने के बाद यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों का राहत मिल सकेगी। सड़क पर बने थे गहरे गड्ढे ओवरब्रिज के दोनों सर्विस लेन के बीच गहरे गड्ढे बन गए थे। यहां से गुजरने वाले वाहनों में अक्सर खराबी आने के कारण उन्हे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता था। अब पुनर्निर्माण कार्य पूरा होने के बाद वाहन चालकों को दिक्कतों से दो-चार नहीं होना पड़ेगा।