चरखी-दादरी के पीएमश्री राजकीय कन्या स्कूल में मंगलवार को जिला स्तरीय रफ्तार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने हिस्सा लिया। बता दें कि सुबह 10 बजे डाइट प्राचार्य ज्ञानेंद्र कुमार ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में प्रत्येक कक्षा के लिए तीन निर्णायक मौजूद रहे। इसमें 135 विद्यार्थियों और 15 शिक्षकों ने पंजीकरण करवाया। इसके बाद स्पर्धा की शुरुआत की गई। इसमें विद्यार्थियों से 30 से 80 शब्दों की कहानी, बोलने में कठिनाई पैदा करने वाले वाक्य, उल्टा कहानी पठन आदि पढ़वाए गए। इसी तरह शिक्षकों से उपन्यास, उल्टा पठन, टंग ट्विस्टर पढ़वाए गए। सभी को कहानी व उपन्यास के लिए पांच मिनट जबकि उल्टा पठन व टंग ट्विस्टर के लिए एक मिनट का समय दिया गया। सभी ने अपना बेहतर प्रदर्शन किया। सभी कक्षाओं का परिणाम सांय 5 बजे जारी किया जाएगा। इसमें प्रथम आने वाले प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय कार्यक्रम में जाने का मौका मिलेगा।