कुरुक्षेत्र में आयोजित राज्य स्तरीय योग कार्यक्रम के लिए डिपो से 32 बसों की कटौती की गई और परिवहन रूटों की बजाय शनिवार को कुरुक्षेत्र में दौड़ाया गया। रोडवेज डिपो में बसों की कमी के कारण यात्रियों ने परेशानी झेली और लंबे समय तक इंतजार किया। बता दें कि पहले से दादरी डिपो बसों की कमी से जूझ रहा है और इन हालातों में डिपो से 32 बसों के भेजने पर यात्रियों के लिए समस्या बन गई। यात्रियों ने बूथों पर खड़े होकर लंबा इंतजार किया और तब जाकर अपने गंतव्य के लिए रवाना हो पाए। साथ ही पास यात्रियों ने निजी वाहनाें से सफर किया और जेब से अतिरिक्त किराया भरा। शनिवार को सबसे अधिक भीड़ भिवानी, कनीना, दिल्ली, बाढड़ा के बूथों पर रही। इंतजार कर रहें यात्रियों ने कहा कि सरकार को पहले प्राथमिकता के अनुसार बसों में सफर करने वाले यात्रियों को बस सेवा मुहैया करवानी चाहिए। अपने कार्यक्रम के लिए सरकार को जनता की सुविधाओं में कटौती नहीं करनी चाहिए।