दादरी नई अनाज मंडी परिसर में 15 अगस्त को मनाए जाने वाले जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए केएन स्कूल में सोमवार को सांस्कृतिक टीमों का चयन किया गया। उपायुक्त की ओर से गठित कमेटी ने एसडीएम योगेश सैनी की अध्यक्षता में 7 टीमों का सांस्कृतिक प्रस्तुति देने के लिए चयन किया है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के चयन के लिए चयन समिति ने टीमों का प्रदर्शन देखा। इस अवसर पर एसडीएम ने कहा कि सांस्कृतिक प्रस्तुति किसी भी कार्यक्रम में जान फूंकने का कार्य करती है, इसमें विद्यार्थियों की भागीदारी अहम है। पढ़ाई के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेने से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास संभव है। सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए आठ टीमों ने भागीदारी की थी, जिनमें से सात टीमों का चयन किया गया।