बिजली समस्या से त्रस्त कबीर नगर के लोगों ने मंगलवार दोपहर बाद एनएच-334 बी पर जाम लगा दिया। करीब सवा चार बजे तक भी लोग पर डटे हुए थे और पुलिस व बिजली निगम के अधिकारियों उन्हें मनाने के प्रयास में लगे हैं। कबीर नगर निवासी हेमा, मोहन, प्रदीप, सुमित, काला और दीपक ने बताया कि पिछले 10 दिनों से उनका यहां बिजली समस्या बनी हुई है। बिजली निगम अधिकारियों को कई बार अवगत कराने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ है। लोगों ने बताया कि वो बिजली निगम कार्यालय में जाकर भी अधिकारियों से टूटे तार बदलवाने की गुहार लगा चुके हैं, जो बेअसर साबित हुई है। विभाग की कार्य प्रणाली से खफा कबीर नगर के लोग मंगलवार दोपहर बाद एकत्रित होकर एनएच-334 बी पर पहुंच गए। वहां उन्होंने अवरोधक डालकर जाम लगा दिया। जाम की सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एसआई भीम सिंह ने लोगों से जाम लगाने का कारण पूछा। इसके बाद उन्होंने अपनी समस्या रखी और मौके पर बिजली निगम अधिकारियों को बुलाने की मांग की। इसके बाद जेई मौके पर पहुंचे और उन्होंने जल्द समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया। लोग उनके आश्वासन से संतुष्ट नहीं हुए और जाम लगाए रखा।