दादरी शहर के रोहतक रोड से पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह की ओर जाने वाली मुख्य सड़क की स्ट्रीट लाइटें पिछले तीन महीने से बंद पड़ी हैं। यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों और राहगीरों को अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों व राहगीरों ने जिला प्रशासन से बंद पड़ी लाइटों को चालू करवाने की मांग की है। शहर के पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह को जाने वाली सड़क के दोनों तरफ जिले के प्रशासनिक अधिकारियों के आवास के साथ श्रद्धालुओं के आस्था का केंद्र प्राचीन हनुमान मंदिर बना हुआ है। जहां प्रतिदिन सैंकड़ों की संख्या में लोग पूजा अर्चना के लिए पहुंचते हैं। इसके अलावा मार्ग से रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्री भी गुजरते रहते हैं। लेकिन पिछले तीन महीने से आधा किलोमीटर लंबी सड़क की सभी लाइटें बंद पड़ी हैं। सूर्य अस्त के साथ ही सड़क पर अंधेरा पसर जाता है।