चरखी-दादरी में जवाहर नवोदय विद्यालय में छठी कक्षा में प्रवेश के लिए शनिवार को जिला में प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई। इसमें जिला के 516 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया जबकि 426 ही परीक्षा में उपस्थित हुए।परीक्षा में डीईओ कृष्णा फोगाट का मार्गदर्शन रहा। बता दें कि जिले के बाढड़ा बौंदकलां और दादरी खंड में दो-दो केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी के लिए खंड शिक्षा अधिकारियों ने दौरा किया और व्यवस्थाएं जांची। उन्होंने सभी परीक्षा संचालकों से परीक्षा पारदर्शी व निष्पक्ष तरीके से संचालन करने का आह्वान किया। बताया कि परीक्षा केंद्रों पर छात्रों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं पेयजल, बैठने की उचित व्यवस्था, और शांत वातावरण प्रदान किया गया। परीक्षा में भाग लेने वाले छात्रों और उनके अभिभावकों ने नवोदय विद्यालय की ओर से दी जाने वाली गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति उत्साह दिखाया। यह परीक्षा होनहार विद्यार्थियों के लिए एक सुनहरा मौका रही। जवाहर नवोदय विद्यालय देवराला के प्राचार्य विनोद कुमार ने राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बाढ़डा में केंद्र का निरीक्षण कर परीक्षा का परिणाम निर्धारित करने संबंधी जानकारी दी। कहा कि चयनित छात्रों को आगे की प्रक्रिया के लिए नवोदय विद्यालय की वेबसाइट और जिला शिक्षा कार्यालय से सूचित किया जाएगा। इसमें विभाग के सभी अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने अपना सहयोग किया। जानिये... किस खंड में कितने विद्यार्थियों ने दी परीक्षा खंड - कुल पंजीकरण - उपस्थित हुए चरखी दादरी- 168 - 139 बाढ़डा - 168 - 144 बौंद कलां - 180 - 143