जिला लोक संपर्क एवं परिवेदना समिति की बैठक वीरवार को दादरी के लघु सचिवालय हाल में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने की। इस दौरान दादरी विधायक सुनील सतपाल सांगवान एवं भाजपा जिलाअध्यक्ष सुनील इंजीनियर भी उपस्थित रहे। बैठक में कुल 12 शिकायतें सुनवाई के लिए रखी गईं, जिनमें से 10 मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष दो परिवादों को आगामी सुनवाई हेतु लंबित रखा गया। गांव पैंतावास कला निवासी प्रमिला की शिकायत को कृषि मंत्री राणा ने स्टेट क्राइम से जांच कराने के आदेश दिए। बौंद कलां निवासी वाइस चेयरमैन पंचायत समिति व मुनेश सहित अन्य ग्रामीणों की शिकायत निर्माण कार्य में लगाई गई सामग्री की जांच भी स्टेट विजिलेंस से करवाने के आदेश दिए। इसके साथ ही जिन कर्मचारियों एवं अधिकारियों की मिलीभगत पाई जाएगी उन पर कार्रवाई के आदेश दिए। गांव ढाणी फोगाट निवासी नवीन कुमार की शिकायत पर दादरी विधायक सुनील सांगवान ने लीपापोती करने वाले अधिकारी को फटकार लगाते हुए एक घंटे में जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। इन शिकायतों के अतिरिक्त अन्य मौजूद नागरिकों की समस्याओं को भी सुना गया और अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए।