चरखी-दादरी निवासी छात्रा नैंसी ने हरियाणा बोर्ड कक्षा 12वीं रिजल्ट में प्रदेश में चौथ स्थान हासिल किया है और जिला में पहले स्थान पर रही हैं। नैंसी की इस रैंक पर स्कूल और परिजनों में खुशी का महौल है और सभी एक दूसरे को बधाई दे रहे हैं। बता दें कि नैंसी शहर स्थित वैश्य कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में पढ़ाई करती थी और अब 12वीं कक्षा में उन्हाेंने अपना नाम चमकाया है। नैंसी के पिता संदीप कुमार किसी कंपनी में वाहन चालक का कार्य करते हैं और माता सुमन देवी गृहिणी हैं। नैंसी ने परीक्षा के दौरान भी सामान्य तरीके से पढ़ाई की और अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने अपने शिक्षकों को दिया। नैंसी ने कॉमर्स संकाय से कक्षा बारहवीं की है। अभिभावकों ने नैंसी की इस सफलता पर खुशी जताई और स्कूल आकर शिक्षकों का आभार जताया। नैंसी के परिजनों ने बताया कि नैंसी स्वयं से ही पढ़ाई करती थी। शाम को खाना खाने के बाद 8 बजे पढ़ाई शुरू करती और 12 बजे तक पढ़ती थी।