चरखी-दादरी के जिला नगर योजनाकार विभाग में तैनात जेई दर्शन सिंह पर शुक्रवार शाम नकाबपोश बाइक सवारों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने उन पर डंडों से ताबड़तोड़ वार कर दोनों पैर तोड़ दिए जबकि शरीर के अन्य हिस्साें में भी चोटें मारी। घायल जेई को दादरी नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया और सदर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दिए बयान में जेई दर्शन सिंह ने बताया कि शुक्रवार को वो ड्यूटी खत्म कर गाड़ी में सवार होकर घर लौट रहे थे। जब वो समसपुर माइनर के पास पहुंचे तो कुछ युवकों ने बाइक आगे अड़ाकर उन्हें रुकवा लिया। इसके बाद उक्त युवक पास पहुंचे और कार से जबरन नीचे उतार लिया। इसके बाद सड़क पर गिराकर डंडों से ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए। जेई दर्शन सिंह के अनुसार काफी देर तक उनके साथ मारपीट की गई और इसके चलते दादरी-दिल्ली मुख्यमार्ग पर वाहनों की कतार लगने से जाम लग गया। उसी दौरान वाहन चालकों को पास पहुंचता देख आरोपी धमकी देकर बाइकों पर सवार होकर भाग गए। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले कार्यालय में ग्रुप-डी के तहत भर्ती हुए कर्मचारी से विवाद हुआ था और संदेह है कि उक्त कर्मचारी ने ही बदमाश भेजकर हमला कराया है। सदर थाना से जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल प्रदीप ने बताया कि घायल जेई के बयान पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।