चरखी-दादरी में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से मंगलवार को रावलधी स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पुलिस प्रशासन का सहयोग रहा। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि आईपीएस दिव्यांशी सिंगला, डीएसपी नरेंद्र सिंह, इंस्पेक्टर रघुनंदन सिंह ने शिरकत की। बता दें कि सुबह साढ़े 11 बजे कार्यक्रम शुरु हुआ। इसमें डीएसपी नरेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित किया और विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव बताए। इसके बाद इंस्पेक्टर रघुनंदन सिंह ने संबोधित किया और रामायण के दोहे के माध्यम से युवाओं को नशे के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि नशा करने से किसी का भला नहीं होता। इसलिए कभी भी नशा न करें और अपने सहयोगियों को भी इससे दूर रखने के लिए प्रेरित करें। साथ ही उन्होंने सभी से अपील की अगर कोई नशा छोड़ना चाहता है तो वह उनके पास आ सकता है या कॉल कर सकता है। पुलिस नशा छुड़ाने में पूरी सहायता करेगी और उनकी पहचान भी गोपनीय रखी जाएगी। इसके बाद आईपीएस दिव्यांशी सिंगला ने कहा कि नशा करने के नुकसान अनेक हैं जबकि फायदों का कोई मूल्य ही नहीं है। कुछ लोग अपने फायदे के लिए नशा करते हैं, लेकिन ये नशा पूरी जिंदगी खराब कर देता है। अंत सभी नशा मुक्त रहने की शपथ दिलाई गई।