सड़क हादसों में कमी लाने के उद्देश्य से क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण आरटीए की ओर से सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है। जिसके तहत जिले में विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रमों का आयोजन कर लोगों को यातायात नियमों की पालना के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को आरटीए ने यातायात पुलिस के साथ शहर के सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता अभियान चलाया। टीम की ओर से स्थानीय रोज गार्डन के अलावा बस स्टैंड परिसर, भगवान परशुराम चौक, लाला लाजपत राय चौक, रेलवे स्टेशन आदि पर लोगों को यातायात नियमों की पालना करने के प्रति जागरूक किया। इस दौरान चालकों व आमजन को यातायात नियमों से संबंधित पुस्तकें भी वितरित की गई। इस दौरान यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश कुमार, आरटीए से टीआई संजय यादव, ट्रैफिक रूल्स एंड रोड सेफ्टी फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष प्रवीण गर्ग, रोड सेफ्टी को-आर्डिनेटर जागृति कुमारी सहित छात्राएं भी मौजूद रहीं।