दादरी जिले में बालिकाओं को गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए शनिवार को स्थानीय एमसीएच यूनिट में ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) वैक्सीनेशन अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। उपायुक्त डाॅ. मुनीश नागपाल ने रिबन काटकर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान 14 आयु वर्ष की किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाकर अभियान की शुरुआत की गई। उल्लेखनीय है कि देशव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा की गई है। सिविल सर्जन डाॅ. नरेश कुमार ने उपायुक्त का स्वागत करते हुए बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिलेभर में अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर जैसी रोकथाम योग्य बीमारी को जड़ से समाप्त करना है। केंद्र सरकार द्वारा देशभर में यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है, ताकि किशोरियों को समय रहते सुरक्षा प्रदान की जा सके।