दादरी जिला मुख्यालय सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में रंगों का पावन पर्व फाग बुधवार को बेहद उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। सौहार्दपूर्ण और शांतिपूर्ण माहौल के बीच युवाओं और बच्चों ने जमकर होली खेली। फाग के अवसर पर सुबह से ही शहर की गलियों और मोहल्लों में फाग की मस्ती छाई रही। रंगों की बौछार और गुलाल की मस्ती त्योहार को लेकर युवाओं में विशेष जोश देखने को मिला। युवाओं की टोलियों ने एक-दूसरे पर जमकर गुलाल उड़ाया और पानी की बौछारें डालीं। डीजे की धुनों और ढोल की थाप पर थिरकते हुए लोगों ने आपसी गिले-शिकवे भुलाकर एक-दूसरे को गले लगाया। महिलाओं ने भी पारंपरिक गीतों के साथ मंगल गान किया और फाग का आनंद लिया। बच्चों ने पिचकारियों और पानी के गुब्बारों के साथ इस उत्सव को और भी रंगीन बना दिया। मुस्तैद रही पुलिस, सुरक्षा के कड़े इंतजाम त्योहार के दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला पुलिस पूरी तरह अलर्ट नजर आई। प्रमुख चौराहों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पुलिस पीसीआर और राइडर्स की टीमें लगातार गश्त करती रहीं ताकि हुड़दंगियों पर लगाम कसी जा सके। प्रशासन की मुस्तैदी और नागरिकों के सहयोग के चलते जिला भर में फाग का पर्व बिना किसी अप्रिय घटना के संपन्न हुआ।