भारतीय किसान यूनियन के नेतृत्व में किसानों ने जगजीत सिंह डल्लेवाल के समर्थन में शुक्रवार को रोष प्रकट करते हुए सरकार का पुतला फूंक कर विरोध प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन की अध्यक्षता जिला महासचिव ओमप्रकाश उमरवास ने की। एसडीएम कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम ज्ञापन सौंपकर प्रदर्शन का समापन किया गया। बता दें कि संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर शुक्रवार दोपहर किसानों ने बाढड़ा उपमंडल मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। इससे पहले किसान संगठनों के पदाधिकारी और सदस्य किसान भवन में एकत्र हुए। वहां रोष बैठक की गई और किसान आंदोलन पर सरकार के रवैये को लेकर विरोध जताया गया। भाकियू जिला महसचिव ओमप्रकाश उमरवास ने कहा कि पूरे प्रदेश में किसानों की कॉल थी कि शुक्रवार को जिला व खंड मुख्यालयों पर किसान अपनी मांगों को लेकर रोष प्रदर्शन करते हुए सरकार का पुतला जलाए और एसडीएम कार्यालय में प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपे। वहीं, बैठक में मौजूद किसानों ने मांगों के लिए अनशन पर बैठे जगजीत सिंह डल्लेवाल का समर्थन किया। किसानों का कहना है कि डल्लेवाल पिछले 46 दिनों से आमरण अनशन पर बैठे हुए हैं लेकिन केंद्र सरकार किसानों व किसान नेता डल्लेवाल की ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है। इससे किसानों में केंद्र सरकार के प्रति रोष बढ़ता जा रहा है। आंदोलन के चलते खनौरी बॉर्डर पर आमरण अनशन पर बैठे किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल की हालत बिगड़ती जा रही है और सरकार गहरी नींद में सो रही है। सरकार को जगाने के लिए शुक्रवार को रोष प्रदर्शन किया गया।