दादरी के गांव बेरला निवासी मंजू श्योराण ने ब्यूटी काॅंटेस्ट में मिस इंडिया का खिताब जीता है। काॅंटेस्ट 26 से 28 अक्तूबर तक महाराष्ट्र के पुणे में आयोजित हुआ और इसमें विभिन्न राज्यों से करीब 1000 प्रतिभागियों ने सहभागिता निभाई। मंजू श्योराण हरियाणा से इकलौती प्रतिभागी रहीं। काॅंटेस्ट में विजेता बनने के बाद मंजू श्योराण शनिवार को पहली बार गृह जिला दादरी पहुंचीं और उन्होंने प्रेसवार्ता कर अपनी उपलब्धि की जानकारी दी। बताया कि यह उनका दूसरा काॅंटेस्ट था। पहले काॅंटेस्ट में वो टॉप 15 में पहुंची थीं, लेकिन ताज जीतने में कामयाब नहीं रही थीं। इसके बाद उन्होंने पुणे में आयोजित काॅंटेस्ट में भाग लिया। उन्होंने बताया कि काॅंटेस्ट में तीन अलग-अलग कैटेगरी में विजेता चुनी गईं। उन्होंने 20 से 40 आयुवर्ग की गोल्डन कैटेगरी में सहभागिता निभाई। अंतिम राउंड तक इस कैटेगरी में 28 प्रतिभागी बचीं और अंत में निर्णायक मंडल ने मंजू श्योराण को विजेता घोषित किया। इसके बाद आयोजकों ने उन्हें ताज पहनाया और इसके साथ मंजू का बचपन का सपना पूरा हो गया।