नगर स्थित बाबा स्वामी दयाल धाम परिसर में शनिवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर वार्षिक मेला आयोजित किया गया। इसमें शहर व आसपास के 19 गांवों के श्रद्धालुओं ने धाम पर पहुंचकर पूजा की और परिवार के कुशलक्षेम की कामना की। इतना ही नहीं, दूसरे प्रदेशों से भी फोगाट गोत्र के लोग धार्मिक गतिविधि में शिरकत करने पहुंचे। इस दौरान मंदिर में झाड़ू व गोबर के उपले चढ़ाकर मन्नतें मांगी गईं। फोगाट खाप-19 के प्रधान सुरेश फोगाट ने बताया कि मंदिर में शहर व आसपास के 19 गांवों से भक्तों ने पूजा कर बाबा स्वामी दयाल से मन्नतें मांगी। मंदिर में भक्तों की सब प्रकार की मनोकामनाएं पूरी होती हैं। उन्होंने बताया कि धाम पर सुबह से शाम तक मेला भी लगाया गया जिसमें महिलाओं और बच्चों ने जमकर खरीदारी की। मेले में अनुशासन बनाए रखने के लिए युवाओं की ड्यूटी लगाई गई ताकि महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था बनी रही।