कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने मंगलवार को चरखी दादरी में कष्ट निवारण समिति की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने 15 परिवादों की सुनवाई की जिनमें से 5 को लंबित रखा जबकि चार की जांच के आदेश दिए और छह को निस्तारित कर दिया। एक शिकायतकर्ता को उन्होंने बैठक कक्ष से बाहर निकाल दिया। कृषि मंत्री ने कहा कि पूरे प्रदेश में आगामी 15 जून तक सभी टूटी हुई सड़कों का जीर्णोद्धार किया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की घोषणा के अनुसार प्रदेश की सभी सड़कों की हालात के सुधार के लिए रिपोर्ट तैयार कर ली गई है। दादरी में ओवरलोड और अवैध खनन के कारण हो रहे नुकसान को लेकर कड़े कदम उठाए जाएंगे। सड़कों की मरम्मत को लेकर शिकायतों की सुनवाई करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और सरकार निर्णय लिया है कि आगामी 15 जून तक पूरे प्रदेश की सभी टूटी हुई सड़कों की मरम्मत करके सुधार किया जाएगा। इसके लिए विभिन्न विभागों के माध्यम से टूटी हुई सड़कों की रिपोर्ट तैयार करवा ली गई है और उस पर कार्य करने के लिए प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। अवैध खनन और वाहनों को लेकर रखी गई शिकायत पर कृषि मंत्री ने कहा कि ओवरलोड कई इलाकों की समस्या है। इस पर लगाम लगाने के लिए पुलिस और जिला प्रशासन के अलावा विशेष टीम में भी लगाई गई हैं। ओवरलोड की समस्या का समाधान करने के लिए विशेष कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि अवैध खनन को लेकर भी कड़ी नजर रखी जा रही है। फिलहाल जिला में अवैध खनन का कोई भी मामला सामने नहीं आया है।