हरियाणा के सोनीपत जिले के मदीना गांव में उस समय खास माहौल बन गया जब कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एक किसान की बेटी की शादी में आशीर्वाद देने पहुंचे। गांव के किसान संजय ने अपनी बेटी की शादी का निमंत्रण राहुल गांधी को भेजा था, जिसे स्वीकार करते हुए वह समारोह में शामिल हुए। उनके पहुंचते ही गांव में उत्साह का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण उन्हें देखने के लिए इकट्ठा हो गए। शादी समारोह में राहुल गांधी का हरियाणवी परंपरा के अनुसार पगड़ी पहनाकर स्वागत किया गया। घर के बाहर खड़े युवकों ने उन्हें “राहुल भाई राम-राम” कहकर अभिवादन किया, जिस पर राहुल गांधी ने हाथ जोड़कर मुस्कराते हुए जवाब दिया। इसके बाद वह शादी वाले घर में पहुंचे और करीब एक घंटे तक कार्यक्रम में मौजूद रहे।