प्रदेश में जुलाई के पहले दिन मानसून का आगमन हो गया है। पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, भिवानी, कैथल, करनाल, सोनीपत में मानसून की पहली बारिश हुई। यमुनानगर में सर्वाधिक 23.5 बारिश दर्ज की गई। आगामी तीन-चार दिन में मानसून पूरे हरियाणा में सक्रिय हो जाएगा। इसके बाद हरियाणा, एनसीआर तथा दिल्ली में मानसून की तारतम्यता देखने को मिलेगी। एक सप्ताह तक झमाझम बारिश के आसार बन रहे हैं। प्रदेश के 14 जिलों में उमस और गर्मी ने लोगों को बेहाल किया। हालांकि हवाओं की दिशा दक्षिणी पूर्वी होने से तापमान में गिरावट देखने आई है। मौसम विशेषज्ञ डॉ चंद्रमोहन ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से मानसून कमजोर और सुस्त बना हुआ था परंतु मंगलवार को मानसून मैदानी राज्यों के साथ पर्वतीय क्षेत्रों तक पहुंच गया। जल्द ही संपूर्ण इलाके में दिन और रात के तापमान में और अधिक गिरावट देखने को मिलेगी। जुलाई महीने के पहले पखवाड़े में मानसून गतिविधियों में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।