जिले में पेट्रोल-डीजल की सप्लाई में कोई रुकावट नहीं है। पेट्रोल पंप से वाहनों को तेल मिल रहा है। पंपों पर कोई भीड़ भी नहीं देखी जा रही है। पेट्रोल संचालकों का कहना कि बोतलों व टंकियों में तेल डालने पर पाबंदी है। जबकि, पंप पर पहुंचने वाहनों को तेल दिया जा रहा है। सरकारी वाहनों में भी मासिक बिल के अनुसार दिया जाने वाला पेट्रोल भी दिया जा रहा है। शांतमई चौक स्थित पेट्रोल पंप के मैनेजर ने जोगिंद्र ने बताया कि पंपों पर पर्याप्त मात्रा में डीजल व पेट्रोल है। वाहन चालकों को पेट्रोल दिया जा रहा है। रोहतक वासियों ने भी मीडिया से बातचीत में बिना किसी परेशानी के पेट्रोल-डीजल मिलने की बात कही है। आइए अब बात करते हैं एलपीजी की तो जिले की गैस एजेंसियों पर घरेलू की सिलिंडर की सप्लाई सुचारु है। गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की संख्या न के बराबर देखी जा रही है। शहर की एजेंसियों पर शनिवार को स्थिति सामान्य रही। सर्कुलर रोड दिव्या गैस एजेंसी के मालिक रमन मेहता ने बताया कि घरों में सिलिंडर भेजा जा रहा है। बुकिंग करने के दो दिन के अंदर सिलिंडर भेजे जा रहे हैं। एजेंसी से प्रतिदिन 400 घरेलू सिलिंडर दिए जा रहे हैं। शहर की खनगवाल गैस एजेंसी व अजीत गैस एजेंसी पर भी स्थिति सामान्य रही। हालांकि, कॉमर्शियल सिलिंडर की सप्लाई नहीं हो रही है। फूड विक्रेता को कॉमर्शियल सिलिंडर न मिलने से डीजल व आग से जलने वाले चूल्हों का इस्तेमाल कर रहे हैं। छोले-भटूरे विक्रेता जतिन ने बताया कि कॉमर्शियल सिलिंडर न मिलने से भट्टी का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है।